सेवा पखवाड़े के शुभारंभ पर भाजपा नेताओं ने व्यक्त किये मोदी के व्यक्तित्व और कृतित्व पर विचार

सेवा पखवाड़े के शुभारंभ पर भाजपा नेताओं ने व्यक्त किये मोदी के व्यक्तित्व और कृतित्व पर विचार

रायपुर 17/09/2022

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा ने आज सेवा पखवाड़े के शुभारंभ पर राज्य भर में विविध सेवा कार्यों का श्रीगणेश किया। इस अवसर पर भाजपा नेताओं ने कार्यकर्ताओं तथा जनता को संबोधित करते हुए मोदी जी के व्यक्तित्व और कृतित्व पर अपने विचार व्यक्त किये।

मोदी भारत के गौरव- डॉ. रमन

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने राजनांदगांव में सेवा पखवाड़े का शुभारंभ करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भारत माता के गौरव पुत्र, विकास पुरुष और देश के स्वाभिमान, सम्मान के प्रतीक हैं। उनके नेतृत्व में आज भारत विश्व में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। मोदी जी दुनिया के सर्वाधिक लोकप्रिय नेता हैं। उन्होंने हर भारतवासी का मान बढ़ाया है।

एक भारत, श्रेष्ठ भारत मोदी की देन- साव

छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सांसद अरुण साव ने सूरजपुर में सेवा पखवाड़े के शुभारंभ अवसर पर मोदी जी को जन्मदिन की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि एक भारत श्रेष्ठ भारत, आत्मनिर्भर भारत, स्वस्थ भारत, मजबूत भारत, सुरक्षित भारत, तेजी से बढ़ता भारत, समृद्ध भारत मोदी जी की गहरी सोच और संकल्प शक्ति की देन है।

सेवा ही संकल्प भाजपा का ध्येय- पवन साय

प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने राजधानी में सेवा पखवाड़े के शुभारंभ अवसर पर कहा कि भारतीय जनता पार्टी का ध्येय राष्ट्र प्रथम है। राष्ट्र की सेवा प्रथम है। राष्ट्र के जन जन की सेवा प्रथम है। भाजपा के लिए जनसेवा ही प्रधान है। हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कार्य संस्कृति इसी अवधारणा का प्रकटीकरण है। मोदी जी की राजनीति का अर्थ जनसेवा और देशभक्ति है।

मोदी हर क्षण सक्रिय रहने वाले कर्मयोगी- चंदेल

नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने जांजगीर चांपा में सेवा पखवाड़े के शुभारंभ अवसर पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी निष्काम कर्मयोगी हैं, जो केवल देशवासियों के लिए समर्पित हैं। वे अपने या अपनों के लिए नहीं, बल्कि देश और देशवासियों के लिए हर क्षण सक्रिय हैं।

मोदी जी दया, प्रेम और करुणा की मूर्ति हैं- विष्णुदेव

पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दया, प्रेम और करुणा की मूर्ति हैं। वे भारत की वसुधैव कुटुम्बकम की धारणा के तहत सम्पूर्ण विश्व की पीड़ित मानवता की सेवा कर रहे हैं। कोरोना काल में उन्होंने भारतीयों के साथ साथ अन्य देशों के लोगों की जीवन रक्षा में अग्रणी भूमिका निभाई। मोदी जी पड़ौसी देशों की मदद करने के साथ ही विश्व शांति के अग्रदूत हैं।

मोदी का भारत- विश्व की एक प्रमुख महाशक्ति- कौशिक

पूर्व नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा कि मोदी जी का भारत विश्व की एक प्रमुख महाशक्ति है। आज मोदी के नेतृत्व वाले भारत की ओर सारी दुनिया आशा भरी नजरों से देख रही है। हम विश्व की पांचवीं बड़ी अर्थव्यवस्था का संचालन कर रहे हैं। विश्व में मजबूत भारत की यश पताका फहरा रही है।

मोदी हैं तो मुमकिन हुआ- चंद्राकर

भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य व प्रदेश भाजपा के मुख्य प्रवक्ता पूर्वमंत्री अजय चंद्राकर ने सेवा पखवाड़े के शुभारंभ अवसर पर कहा कि आज का दिन हम सबके लिए जनसेवा की प्रेरणा का दिन है। हम संकल्प लेते हैं कि मोदी जी के नेतृत्व में हम अपनी सम्पूर्ण शक्ति के साथ जनसेवा के प्रति समर्पित रहेंगे। मोदी जी भारत की सामर्थ्य के प्रतीक हैं। मोदी जी की कर्म साधना से ही भारत का विकास मुमकिन हुआ है।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *